शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर करें गुणवत्तापूर्ण निस्तारणः जिलाधिकारी
शिवली कानपुर देहात।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह व पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने तहसील मैथा में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील मैथा में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 134 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
शनिवार को तहसील मैंथा में जिलास्तरीय समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आए हुए फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस तथा तहसील दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का संधारण करें, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार सुनिश्चित करें। वहीं कुछ शिकायतकर्ता द्वारा खतौनी में संशोधन हेतु शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा तत्काल खतौनी सही करा कर शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नरेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी मैथा प्रतिभा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

