शिवली कानपुर देहात।
चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का समापन सोमवार को सुबह उदयाचलगामी भगवान भास्कर उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ हो गया। व्रती महिलाओं और उनके परिवार के सदस्य तड़के ही छठ घाटों पर पहुंचें जहां व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अपना कठिन 36 घंटे का निर्जला व्रत खोला।
छठ महापर्व में खरना के बाद शुरू होने वाला निर्जला व्रत सबसे कठिन धार्मिक अनुष्ठानों में गिना जाता है। छठ पूजा में उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और प्रकृति के संतुलन का आधार माना जाता है। उनकी उपासना के माध्यम से श्रद्धालु जीवन के लिए प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। छठ की विशेषता यह है कि इसमें केवल उगते सूर्य की ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य की भी समान श्रद्धा से पूजा की जाती है। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने सूर्य के प्रति अपनी आस्था और कृतज्ञता प्रकट की। वहीं सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मकता का स्वागत किया।
मैंथा तहसील क्षेत्र के इंदिरा नगर, रविंद्रपुरम, पंतनगर तथा केसरी निवादा गांव में तालाबों व राम गंगा नहर के पानी में खड़े होकर उगते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के पश्चात व्रती महिलाओं व पुरुषों ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारायण किया। गांव की व्रती गीता पत्नी धर्मेंद्र, रेणुका पत्नी उपेंद्र, उषा पत्नी नरेश, सरिता पत्नी बुधई, चंपा पत्नी विजय, सविता पत्नी सुरेंद्र, पूजा पत्नी रवि, इस्रावती देवी पत्नी प्रदीप अन्य महिलाओं ने पूरी रात रतजगा किया और इस दौरान छठ मैया के भक्ति गीतों से गांव गूंजते रहे। चार दिवसीय पर्व के दौरान घरों से लेकर घाटों तक पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई दी। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने छठी मैया और सूर्यदेव की महिमा से जुड़े लोकगीत गाए। इन गीतों में पारिवारिक सुख-समृद्धि, संतान के कल्याण और प्रकृति के प्रति आस्था की झलक देखने को मिली।


