शिवली कानपुर देहात।
हनुमान रूपी सीढ़ी के बगैर परमपिता परमात्मा श्री राम की शरण प्राप्त कर पाना असंभव ही नहीं बल्कि नामुमकिन है। पवन तनय आश्रम रंजीतपुर में आयोजित वार्षिकोत्सव के दौरान यह बात आश्रम के महंत बाबा गोपालानंद महाराज ने भक्तों के बीच कहीं। रामचरितमानस पाठ के समापन पर विद्वान आचार्यों द्वारा हवन पूजन करने के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें अनेकों जनपदों से पहुंचे भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर आश्रम में मत्था टेक महंत जी से आशीर्वाद लिया।
करीब 150 वर्ष पूर्व बाबा मंगली दास जी महाराज द्वारा कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को रंजीतपुर गांव के बाहर दक्षिण मुखी हनुमान प्रतिमा को स्थापित करवा पवन तनय आश्रम की स्थापना करवाई थी।बाबा मंगली दास महाराज द्वारा यहां स्थापना दिवस पर वार्षिकोत्सव मनाए जाने का शुभारंभ किया गया था जो अनवरत आज भी जारी है। उनके ब्रह्मलीन होने के पश्चात शोभन आश्रम की आधारशिला रखने वाले महंत परम पूज्य गुरुदेव भगवान स्वामी रघुनंदन दास महाराज तथा उनके ब्रह्मलीन होने के पश्चात शोभन आश्रम को तीर्थ स्थल की भांति विकसित करने वाले 1008 परमहंस स्वामी विरक्तानंद जी महाराज द्वारा वर्ष 2000 में पवन तनय आश्रम रंजीतपुर की बागडोर बाबा गोपालानंद महाराज को सौंप दी थी। बाबा गोपालानंद महाराज द्वारा आश्रम का जीर्णोद्धार करने के साथ ही उसे भव्य स्वरूप में विकसित करवाया गया है। आश्रम की सुंदरता यहां आने वाले भक्तों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित करती है।बाबा गोपालानंद महाराज ने भक्तों को बताया कि मौजूदा समय में लोग माया के बसीभूत होकर परमपिता परमात्मा को भूल जाते हैं जिन्हें अंत समय पछताना पड़ता है। माया की चकाचौंध में लोग अपने माता-पिता का अनादर करते हैं और वृद्धावस्था आने पर उन्हें बेसहारा करते हुए उन्हें आश्रमों में छोड़ देते हैं। जो माता-पिता अपने बच्चों पर अपना सब कुछ न्योछावर करते हुए उन्हें समर्थवान बनाते हैं ऐसे माता-पिता को वृद्धावस्था आने पर भड़काने के लिए मजबूर करने वाले लोगों को घोर कष्टों का सामना करते हुए वह नरक गामी होना पड़ता हैं।विद्वान आचार्य अनिल शुक्ला, मुंडन, महेश, राजकुमार, बऊआ, रामकिशन तथा धर्मेंद्र त्रिवेदी द्वारा मंत्रोचार के साथ हवन पूजन कराया गया। हनुमान मंदिर पनकी के महंत बाबा कृष्ण दास जी महाराज, गोल्डन बाबा, हनुमान मंदिर नहरीबरी के महंत बाबा विनोदानंद महाराज ने भी आश्रम पहुंच कार्यक्रम में भाग लिया। व्यवस्था प्रमुख रामगोपाल द्विवेदी, सुनील शुक्ला आदि लोगों की देखरेख में भंडारा आयोजित किया गया जिसमें अनेकों जनपदों से आए भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर महंत जी से आशीर्वाद ले अपने जीवन को कृतार्थ किया।

