फफूंद (औरैया)। एक्सिस पब्लिक स्कूल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में 'दीया बनाओ' प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें कक्षा तीन से पाँच तक के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए मिट्टी के दीयों को सुंदर रंगों एवं आकर्षक सजावट से नया रूप दिया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मनमोहक दीये सभी के आकर्षण का केंद्र रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 4-'अ' की छात्रा दीपांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 5-'बी' की मानसी पाल ने द्वितीय तथा कक्षा 3-'अ' के श्रेयश ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरमीत सिंह ने विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए पटाखों से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, प्रेम और प्रकाश का पर्व है। इसे पटाखे जलाने के बजाय दीप जलाकर मनाना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद कुमार दीक्षित ने भी बच्चों को प्रदूषण मुक्त एवं सुरक्षित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआँ वायु प्रदूषण बढ़ाता है, जिससे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुँचता है। इसलिए सभी बच्चे दीप जलाकर और खुशियाँ बाँटकर 'हरित एवं स्वच्छ दीपावली' मनाने का संकल्प लें।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में कलात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में एक्टिविटी इंचार्ज नीशू शर्मा, दीपाली, माही तथा आकांक्षा आदि का सराहनीय योगदान रहा।



