योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। दीपावली का पर्व हो और आतिशबाजी की गूंज न सुनाई दे, तो त्योहार का उत्साह कुछ अधूरा सा लगता है। बच्चों की फुलझड़ियां, युवाओं की आतिशबाजी और परिवारों की खुशियों के बीच पटाखों का अपना अलग ही आकर्षण रहता है। लेकिन इस बार प्रशासन की नई व्यवस्था के चलते अजीतमल तहसील क्षेत्र के लोगों को आतिशबाजी खरीदने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ सकती है। वहीं, आतिशबाजी बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे पर भी मायूसी दिखाई देने लगी है।
प्रशासन की नई गाइडलाइन के अनुसार इस बार गांव-गांव और गली-मोहल्लों में आतिशबाजी की दुकानें नहीं सज सकेंगी। पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर ही अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति दी गई है। अजीतमल तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी कार्यालय से दीपावली पर आतिशबाजी बेचने के लिए कुल 67 अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं।
पूर्व के वर्षों में बाबरपुर बकरा मंडी, अजीतमल पार्क, अटसू, अयाना, भीखेपुर, मुरादगंज, अनंतराम, बल्लापुर सहित विभिन्न कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें लगती थीं। इससे ग्रामीणों को अपने नजदीक ही पटाखे खरीदने की सुविधा मिल जाती थी। लेकिन इस बार प्रशासन ने पूरे तहसील क्षेत्र में केवल दो स्थानों पर ही आतिशबाजी बिक्री की व्यवस्था की है। लाइसेंस धारक दुकानदार अजीतमल मंडी समिति मैदान और मुरादगंज मैदान में निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगा सकेंगे।
दुकानों का आवंटन टोकन व्यवस्था के तहत किया गया है। प्रत्येक मैदान में अधिकतम 50 दुकानें लगाने की व्यवस्था रहेगी। लाइसेंस धारक अपनी स्वेच्छा से निर्धारित दोनों स्थानों में से किसी एक स्थान का चयन कर सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक मैदान में फायर ब्रिगेड कर्मियों की तैनाती के साथ अग्निशमन वाहन भी खड़ा रहेगा। सभी दुकानदारों को प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का पूरी तरह पालन करना होगा।
अतिरिक्त खर्च और ग्राहकों की कमी की सता रही चिंता
गुरुवार को अजीतमल तहसील में दुकान आवंटन के लिए टोकन लेने पहुंचे आतिशबाजी विक्रेताओं के चेहरों पर मायूसी दिखाई दी। दुकानदारों का कहना था कि नई व्यवस्था के चलते उन्हें दुकान लगाने के लिए दूर जाना पड़ेगा। इससे परिवहन, किराया और अन्य व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त खर्च आएगा। वहीं, एक ही स्थान पर दुकानें सीमित होने से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों के पहुंचने की संभावना भी कम रहेगी।
विक्रेताओं का कहना है कि बल्लापुर और आसपास के गांवों के लोग आतिशबाजी खरीदने के लिए 7 से 10 किलोमीटर दूर अजीतमल या मुरादगंज तक आने से बच सकते हैं। इससे छोटे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दो दिन बिक्री की अनुमति देने की मांग
नई व्यवस्था से परेशान अस्थायी लाइसेंस धारकों ने क्षेत्रीय विधायक और जिले के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सुरक्षा नियमों का पालन कराते हुए पूर्व की भांति ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्धारित मानकों के तहत दो दिन के लिए अस्थायी रूप से आतिशबाजी बिक्री की अनुमति दी जाए, ताकि दुकानदारों का कारोबार प्रभावित न हो और ग्रामीणों को भी अपने नजदीक पटाखे खरीदने की सुविधा मिल सके।
दीपावली खुशियों और रोशनी का त्योहार है। ऐसे में प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था भी जरूरी है, लेकिन ग्रामीणों की सुविधा और छोटे व्यापारियों की आजीविका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यदि निर्धारित सुरक्षा मानकों के दायरे में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए तो इससे दुकानदारों के साथ-साथ बच्चों और युवाओं को भी राहत मिल सकती है। अन्यथा इस बार कई गांवों के बच्चों को दीपावली पर आतिशबाजी खरीदने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी और दुकानदारों की दीपावली भी फीकी रहने की आशंका है।

