औरैया में इटावा-कानपुर हाईवे पर भीषण हादसा: खड़ी स्लीपर बस में पाम ऑयल से भरे टैंकर ने मारी टक्कर, दो घायल, दो यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती, सड़क पर फैला तेल, क्रेन से हटवाए गए वाहन

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार-औरैया
0

औरैया ब्यूरो। इटावा-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह बाबरपुर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी एक स्लीपर बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पाम ऑयल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गया और बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दो यात्री घायल हो गए, जबकि बस से उतारी जा रही एक स्कूटी भी टैंकर के नीचे दब गई।

कैसे हुआ हादसा
बस चालक सत्यम के अनुसार, वह स्लीपर बस में अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रहा था। सोमवार सुबह बाबरपुर स्थित भट्टा रोड के सामने बस को सड़क किनारे रोककर उसमें रखी एक स्कूटी उतारी जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए पाम ऑयल से भरे टैंकर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
दो यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में कौशांबी निवासी प्रियांशु (24) और रंजीत (24) पुत्र छोटेलाल घायल हो गए। सूचना मिलते ही अजीतमल सीओ शैलेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सड़क पर फैला तेल, क्रेन से हटवाए गए वाहन
टैंकर पलटने से उसमें भरा पाम ऑयल पूरी सड़क पर फैल गया, जिससे हाईवे पर फिसलन बढ़ गई और यातायात बाधित हो गया। पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने स्थिति को संभालते हुए जेसीबी और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और पलटे हुए टैंकर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default