शिवली कानपुर देहात।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर बुधवार को शिवली क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों,उद्यानों और घरों के आंगन व खेतों पर लगे आंवले के वृक्षों के नीचे महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी और विधि विधान से आंवले वृक्ष की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य की कामना की गई।
कार्तिक शुक्ल पक्ष नवमी के पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला जहां पारंपरिक परिधान और 16 श्रृंगार में सजी-धजी महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की जड़ में कच्चा दूध और जल अर्पित किया इसके बाद रोली, अक्षत, चंदन,पुष्प और ऋतु फल अर्पित कर धूप दीप से आरती उतारी। पूजन के पश्चात महिलाओं ने वृक्ष के तने पर कच्चा सूत लपेटते हुए 8 से 108 बार परिक्रमा की और आंवला नवमी व्रत की कथा सुनी। आंवला नवमी के दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन बनाकर खाने और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी को लेकर गांव के प्रमुख उद्यानों और मंदिर परिसरों में सुबह से ही चहल पहल रही। महिलाओं ने अपने परिजनों के साथ वृक्ष की छांव में बैठकर पारंपरिक व्यंजन का प्रसाद ग्रहण किया और जरूरतमंदों को अन्न व वस्त्र भी दान किया। अक्षय नवमी के दिन किए गए किसी भी शुभ कार्य,दान का फल कभी क्षय नहीं होता। मान्यता है कि इस दिन आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है वहीं आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से भी कार्तिक मास में आंवले का सेवन और उसके वृक्ष के नीचे समय बिताना शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाला माना जाता है।

