योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। सड़क पर अचानक सामने आई नीलगाय से मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रही 27 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, एलची नगर निवासी शिवेंद्र सिंह की तीन वर्षीय पुत्री आर्या सोमवार शाम करीब पांच बजे अनुपम (27) के साथ मोटरसाइकिल से घर से दिबियापुर जा रही थी। अभी वे बल्लापुर के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक की नीलगाय से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे आर्या और अनुपम दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद आर्या की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सैफई पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आर्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में अनुपम के पैर और सिर में चोटें आई हैं।


