Type Here to Get Search Results !

औरैया: नगर पंचायत फफूंद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत चेयरमैन अनवर कुरैशी ने बांटे राष्ट्रीय ध्वज , दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने की खास अपील की

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार 0

फफूंद (औरैया)। स्वाधीनता दिवस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में देश भर में चल रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत नगर पंचायत फफूंद के चेयरमैन अनवर कुरैशी ने क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का अलख जगाया। चेयरमैन अनवर कुरैशी ने नगर के विभिन्न मुख्य बाजारों का दौरा कर स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों को ससम्मान तिरंगा झंडा वितरित किया। उन्होंने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर गौरव के साथ तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

चेयरमैन अनवर कुरैशी ने नगर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों जैसे मेन बाजार होमगंज, गल्ला मंडी और सब्जी मंडी ,तिराहा चमनगंज आदि क्षेत्रों में खुद जाकर एक-एक दुकानदार को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा। तिरंगा वितरण करते हुए उन्होंने दुकानदारों से संवाद किया और कहा, "तिरंगा हमारे देश की शान, आन और बान का प्रतीक है। यह हमें देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है। राष्ट्रीय पर्व के इस पावन मौके पर हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा फहराकर अपनी देशभक्ति का परिचय दें।"
चेयरमैन अनवर कुरैशी ने आगे कहा कि व्यापार मंडल और स्थानीय दुकानदार हमेशा से हर सामाजिक और राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे हैं और इस बार भी फफूंद का मुख्य बाजार देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगा। चेयरमैन की इस मुहिम की स्थानीय व्यापारियों ने जमकर सराहना की। इस दौरान दुकानदारों में भारी उत्साह देखने को मिला और सभी ने अपने प्रतिष्ठानों पर पूरी गरिमा के साथ तिरंगा लगाने का संकल्प लिया। वितरण कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

News Blogger Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are available Which is designed in User friendly to handle by Piki Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable