औरैया: बल्लापुर में तेज रफ्तार लोडर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल; हायर सेंटर रेफर, पुलिस जांच में जुटी

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। यातायात नियमों की अनदेखी और वाहनों की तेज रफ्तार लगातार सड़क हादसों का सबब बन रही है। मंगलवार को अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बल्लापुर गांव के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अजीतमल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के जुआ गांव निवासी सोनू पुत्र अमित, अपने साथी छोटे पुत्र राजीव के साथ मोटरसाइकिल से अटसू की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बल्लापुर गांव के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद लोडर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों लहूलुहान युवकों को अजीतमल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि घायलों के शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान के आधार पर फरार लोडर चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default