योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के सांफर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता चल रहे एक 61 वर्षीय वृद्ध का शव घर से महज 200 मीटर दूर स्थित तालाब में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांफर गांव निवासी दया शंकर त्रिपाठी (61) पुत्र स्वर्गीय प्रभु दयाल रविवार शाम को अचानक घर से निकले थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को भी दिनभर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
![]() |
| मृतक दया शंकर त्रिपाठी की फाइल फोटो |
मंगलवार सुबह जब ग्रामीण गांव के तालाब की तरफ गए तो पानी में एक शव उतराता देख उनके होश उड़ गए। पास जाकर देखने पर शव की पहचान लापता दया शंकर त्रिपाठी के रूप में हुई। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही पत्नी नीरज देवी, पुत्र संजय व आशुतोष सहित पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत तालाब में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई और संदिग्ध कारण है, यह अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



