गुरगांव गांव में खेत पर फसल देखने पहुंचे अजीत सिंह सचान पर हंसिए से हमला, गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुरू की जांच।— UP LIVE VISION NEWS (@uplive_vision) August 5, 2026
कानपुर देहात। भोगनीपुर थाना क्षेत्र के गुरगांव गांव में बुधवार सुबह खेत में घास काटने को लेकर हुए विवाद में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के जेठ अजीत सिंह सचान पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे अजीत सिंह सचान अपनी फसल देखने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गांव के ही दो युवक उनके खेत में घास काट रहे हैं। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
![]() |
| जानकारी लेती जिला अध्यक्ष रेणुका सचान |
घटना के बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उन्हें तत्काल गांव पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। वहीं, सूचना पर पहुंची भोगनीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


