औरैया: देवकली चौकी इंचार्ज ने यमुना नदी में कूदने जा रहे युवक को सूझबूझ से बचाया, डायल 112 पर राहगीर ने दी थी सूचना, पुलिस की क्षेत्र में हो रही सराहना

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। जनपद के औरैया कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत यमुना नदी पुल पर देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 18 वर्षीय युवक ने नदी में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की त्वरित सजगता और सूझबूझ के चलते समय रहते युवक की जान बचा ली गई। पुलिस के इस मानवीय और सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।

राहगीर की सूचना पर दौड़ी पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात एक राहगीर ने यमुना पुल पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक को नदी में कूदने की तैयारी करते हुए देखा। राहगीर ने बिना समय गंवाए तत्काल डायल 112 पर इसकी सूचना दी। आपातकालीन सेवा से मिली इस जानकारी पर देवकली चौकी इंचार्ज संजीव चौधरी ने बिना एक पल गंवाए पुलिस बल के साथ मौके के लिए दौड़ लगा दी।
समझा-बुझाकर नीचे उतारा
जब चौकी इंचार्ज संजीव चौधरी मौके पर पहुंचे, तो युवक बेहद भावुक स्थिति में था और नदी में छलांग लगाने ही वाला था। पुलिसकर्मियों ने बेहद संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवक से बातचीत शुरू की। करीब आधे घंटे तक चली बात चीत और काउंसलिंग के बाद युवक का मन बदला और पुलिस ने उसे सुरक्षित पुल की रैलिंग से नीचे उतारा।
क्षेत्र में हो रही सराहना
पुलिस की ओर से समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई की बदौलत 18 वर्षीय युवक सुरक्षित है। घटना के बाद पुलिस ने युवक को औरैया कोतवाली लाकर उसके परिजनों को सूचित किया। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता और जांबाजी की हर तरफ तारीफ हो रही है, जिससे खाकी का एक मानवीय चेहरा समाज के सामने आया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default