शिवली कानपुर देहात
सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील सभागार मैथा में बाल विकास परियोजना की ओर से आयोजित आंगन मिलन समारोह में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शनिवार को ब्लॉक मैंथा सभागार में आंगन मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों अपनी ओर से साड़ी और चित्र भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। राज्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने महिलाओंऔर बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। समारोह में सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और सात बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं दो बच्चियों का जन्मदिन भी समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में इन पारंपरिक रस्मों के साथ महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य का संदेश भी दिया गया।
उपजिलाधिकारी मैंथा प्रतिभा मिश्रा और बाल विकास परियोजना अधिकारी विजय लक्ष्मी ने पोषण और स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को पौष्टिक आहार, साफ-सफाई और बच्चों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया। समारोह में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, आशा कार्यकत्रियां, मुख्य सेविकाएं और क्षेत्र की महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में सम्मान मिलने को लेकर उत्साह नजर आया।


