शिवली: झमाझम बारिश ने खोली जल निकासी व्यवस्था की पोल, घरों में घुसा बरसाती नालों का पानी

ब्यूरो कानपुर देहात राहुल मिश्रा
0

 

सफाई के नाम पर एक वर्ष पूर्व तोड़े गए थे बरसाती नाले: नगर प्रशासन द्वारा मानसून से पहले नालों की सफाई के बड़े-बड़े जल निकासी के दावे साबित हुए खोखले, जलभराव से थमी रफ्तार


शिवली कानपुर देहात।


सोमवार की शाम एवं मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश  ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश होने से जगह जगह पर घुटनों से लेकर करीब दो फीट तक सड़क पर जलभराव हो गया है। गली मोहल्लों में घरों तक पानी भर जाने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कस्बा शिवली में जल निकासी के मुख्य रास्ते पूरी तरह से साफ न होने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के शिवाजी नगर, सुभाष नगर, गांधीनगर, साकेत नगर एवं शंकर नगर के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझते हुए घर से निकलने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। 


कस्बे की मुख्य सड़कों पर भरा बरसाती पानी 


           बताते चलें कि नगर पंचायत शिवली के जल निकासी के जो मुख्य रास्ते और बरसाती नाले साफ न होने के कारण सोमवार की शाम हुई जोरदार बारिश एवं मंगलवार को हुई रिमझिम बारिश से शिवली कस्बे के गांधीनगर, शिवाजी नगर, सुभाष नगर, जवाहर नगर, शंकर नगर आदि मोहल्लों की गलियां पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। गलियों में जबरदस्त तरीके से जलभराव हो जाने के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मजबूरन लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकल रहे हैं। बाजार चौराहे पर पानी भर जाने से सबसे अधिक समस्या का सामना लोगों को करना पड़ रहा है क्योंकि यह कस्बे का मुख्य मार्ग है। नगर की अन्य गलियों में भी कीचड़ युक्त जल भरा हो जाने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस थोड़ी सी बारिश में जब कस्बे की गलियों का यह हाल है अगर कहीं ठीक-ठाक बरसात हुई होती तो इस कस्बे का नजारा ही कुछ और होता।


अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश होने से जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है सफाई कर्मियों की टीम लगाकर जल निकासी का प्रबंध किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default