योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को कोतवाली अजीतमल पुलिस ने ग्राम अनंतराम में महिला चौपाल लगाई। पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रभारी निरीक्षक अजीतमल विनोद कुमार एवं मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी रामचंद्र वर्मा के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में महिला आरक्षी अंजलि, फूलमती, दीप्ति, किरण और मधु ने महिलाओं को महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने कहा कि महिलाओं का शिक्षित और जागरूक होना ही सशक्तिकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है। महिलाओं को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। चौपाल में महिला अधिकारों, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न तथा किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने के बारे में जानकारी दी गई।
महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता सहित चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी महिला या बालिका को किसी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न, छेड़छाड़, हिंसा अथवा असुरक्षा का सामना करना पड़े तो वह बिना झिझक हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क कर सकती है।
चौपाल के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी महिलाओं को दी गई। पुलिस ने महिलाओं को योजनाओं की पात्रता और उनके लाभ के लिए जागरूक रहते हुए संबंधित विभागों से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने अजीतमल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रमुख जिम्मेदार अधिकारियों के संपर्क नंबरों की जानकारी भी साझा की, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास की अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।





