सड़क हादसा: औरैया में स्कूली बस पलटने के मामले में बड़ी कार्रवाई, चालक पर मुकदमा दर्ज, ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, मानक विहीन वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। जिले के बेला क्षेत्र के बभनौती मोड़ पर बीते बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्रों से भरी एक स्कूली बस साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई थी। जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त बस के ब्रेक फेल हो गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, वहीं परिवहन विभाग (ARTO) ने चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

साइकिल सवार को बचाने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को बेला क्षेत्र के बभनौती मोड़ के पास एक स्कूली बस बच्चों को लेकर जा रही थी। तभी अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक न लगने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी।
चालक पर मुकदमा, लाइसेंस निलंबित
प्रशासनिक जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस चालक रामविलास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, परिवहन विभाग ने भी इस लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। एआरटीओ (ARTO) एनसी शर्मा ने बताया कि हादसे की गंभीरता और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए चालक रामविलास का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।
मानक विहीन वाहनों के खिलाफ चलेगा अभियान
इस हादसे के बाद जिले में मानक विहीन और बिना फिटनेस के दौड़ रहे स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले पर बात करते हुए एआरटीओ एनसी शर्मा ने कहा कि जिले में स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले और मानकों के विपरीत संचालित होने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default