शिवली कानपुर देहात।
दो दिनों से तेज हवाओं के साथ हो रही झमाझम बारिश से नगर पंचायत शिवली में जगह जगह जलभराव हो गया है। गली मोहल्लों में घरों तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जल निकासी के मुख्य रास्ते पूरी तरह से साफ न होने के कारण कस्बा वासियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के शिवाजी नगर, सुभाष नगर ,गांधीनगर एवं शंकर नगर के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझते हुये घरों से निकलना पड़ रहा है।
नगर पंचायत शिवली में जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाए जाने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा आठ पक्के नालों का निर्माण कराया गया था लेकिन मौजूदा समय में जल निकासी के मुख्य नाले साफ न होने के कारण होरही झमाझम बारिश से शिवली कस्बे के साकेत नगर, सुभाष नगर,गांधीनगर, शिवाजी नगर, जवाहर नगर तथा शंकर नगर आदि मोहल्लों की गलियां पूरी तरह से जलमग्न हो गई है। गलियों में जबरदस्त तरीके से जलभराव हो जाने के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मजबूरन लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकल रहे हैं। बाजार चौराहे पर पानी भर जाने से सबसे अधिक समस्या का सामना लोगों को करना पड़ रहा है क्योंकि यह कस्बे का मुख्य मार्ग है। नगर की अन्य गलियों में भी कीचड़ युक्त जल भराव हो जाने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश होने से जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। सफाई कर्मियों की टीम लगाकर जल निकासी का प्रबंध किया जा रहा है।


