शिवली कानपुर देहात।
सोमवार को हुई बकरी व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की घटना को छिपा, पुलिस ने छिनैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद पुलिस अभी तक लुटेरों का सुराग तक नहीं लगा सकी है। शोभन धाम जैसे आश्रम के करीब व्यापारी के साथ हुई दिनदहाड़े लूट से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बैरी सवाई गांव निवासिनी नूरजहां जो कि जिले में एक चर्चित नाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 नवंबर 2015 में मन की बात 14वें संस्करण में नूरजहां का जिक्र करते हुए, सोलर लैंप के लिए सम्मानित भी किया था, नूरजहां का पुत्र शमशाद बकरियों की खरीद फरोख्त करने का व्यापार करता है। सोमवार को वह बाइक से हृदयपुर गांव बकरी खरीदने जा रहा था। गांव से निकलकर शोभन आश्रम के पास पहुंचा ही था कि अपाचे सवार तीन नकाबपोश लुटेरे उसकी बाइक के पीछे लग गए थे। शमशाद जैसे ही जुगराजपुर बिठूर गांव से आगे हृदयपुर के बीच सुनसान रास्ते पर पहुंचा वैसे ही लुटेरों ने उसकी बाइक के आगे अपनी सफेद रंग की अपाचे बाइक लगा, उसे बाइक समेत गिराने के बाद मारपीट शुरू कर दी और उसकी जेब से 30 हजार रुपए और उसका मोबाइल छीन कर भाग निकले थे। उसका मोबाइल फोन घटनास्थल के पास ही लुटेरों द्वारा फेंक दिया गया था। लुटेरों द्वारा की गई मारपीट से शमशाद को अंदरुनी चोटें आईं है जिसका वो उपचार करवा रहा हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह और बाघपुर चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ पहुंच घटना की छानबीन करने के साथ ही शोभन आश्रम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर अपाचे सवार तीनों नकाबपोश लुटेरे दिखाई दिए थे जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए अपाचे सवार नकाबपोश युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं, शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दा फाश किया जाएगा।


