औरैया में कलेक्ट्रेट मानस सभागार में देखा गया यूपीसीओएस के शुभारंभ का सजीव प्रसारण, श्रमिकों को बांटे गए योजनाओं के डेमो चेक, अधिकारियों ने डिजिटल एकीकरण को सराहा

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ के लोक भवन सभागार में संपूर्ण आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन के डिजिटल एकीकरण हेतु उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का भव्य शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सजीव प्रसारण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसे जिलाधिकारी बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता और अधिशासी अधिकारी सहित तमाम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों ने एक साथ देखा और सुना।

लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यूपीसीओएस (UPCOS) के आधिकारिक पोर्टल और वेबसाइट की लॉन्चिंग की। साथ ही, निगम के आधिकारिक 'लोगो' (Logo) का अनावरण करते हुए आउटसोर्स कर्मियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीसीओएस के माध्यम से आउटसोर्स मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह से डिजिटल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा रहा है। इस नई पहल से प्रदेश के सभी आउटसोर्स कर्मियों को समय पर वेतन का भुगतान, सुगम सेवाएं और उनके हितों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस एकीकृत डिजिटल प्रबंधन व्यवस्था के लागू होने से आउटसोर्स कर्मियों के पंजीकरण, नियुक्ति, उपस्थिति, वेतन भुगतान तथा अन्य सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पहले से अधिक दक्ष और प्रभावी बनेगी।
आउटसोर्स व्यवस्था के आधुनिकीकरण में बड़ा कदम: अधिकारी
सजीव प्रसारण कार्यक्रम की समाप्ति के बाद उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। अधिकारियों ने इसे राज्य में आउटसोर्स व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल एकीकरण के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ कर्मचारियों और आम जनता तक अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी तथा प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
श्रमिकों को मिले कन्या विवाह और मातृत्व योजना के लाभ
मुख्य कार्यक्रम के समापन के उपरांत कलेक्ट्रेट मानस सभागार में लोक-कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत जिलाधिकारी बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने संयुक्त रूप से लाभार्थियों को सहायता राशि के डेमो चेक सौंपे।
इसके तहत 'कन्या विवाह सहायता योजना' के चार पात्र श्रमिकों और 'मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना' के चार श्रमिकों को प्रतीकात्मक डेमो चेक वितरित किए गए। चेक पाकर श्रमिक परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कलेक्ट्रेट के मानस सभागार में इस डिजिटल क्रांति और श्रमिक कल्याण कार्यक्रम के गवाह बने स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों में इस नई व्यवस्था को लेकर भारी उत्साह देखा गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default