औरैया: अजीतमल क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों में कोहराम, पहले भी कर चुका था आत्मघाती प्रयास, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर 28 वर्षीय युवक का शव दुपट्टे के सहारे लटका मिला। शव को देखते ही ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर निवासी अतुल दोहरे (28) पुत्र राज नारायण हैंडपंप बोरिंग का काम करता था। बुधवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। अतुल की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी राधा, तीन वर्षीय पुत्र देव और एक वर्षीय पुत्री कंचन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहले भी कर चुका था आत्मघाती प्रयास
परिजनों ने बताया कि अतुल शराब पीने का आदी था और मानसिक तनाव में रहता था। वह पूर्व में भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। कुछ समय पहले उसने शराब के नशे में कुएं में छलांग लगा दी थी, लेकिन तब ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे सकुशल बाहर निकाल लिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव पेड़ पर लटका मिला है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default