औरैया में बड़ा हादसा टला: बेला में बच्चे ले जा रही स्कूली बस पलटी, दो दर्जन बच्चों की जान बाल-बाल बची, बच्चों को आईं मामूली चोटें, पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। बेला थाना क्षेत्र के बबनौती मोड़ के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सौरभ एकेडमी इंटर कॉलेज की एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में दो दर्जन से अधिक मासूम बच्चे (नौनिहाल) सवार थे। गनीमत रही कि बस पलटने के बावजूद बच्चों को सिर्फ मामूली चोटें आईं, जिससे एक बड़ा अनिष्ट होने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

जुलाई में ही खत्म हो चुका था बस का इंश्योरेंस!
इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच और चर्चाओं के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हुई इस स्कूली बस का इंश्योरेंस बीते जुलाई महीने में ही खत्म हो चुका था। बिना वैध बीमा और जरूरी कागजातों के सड़क पर दौड़ रही यह बस सीधे तौर पर मासूम बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही थी।
ड्राइवर की लापरवाही और परिवहन विभाग का अनदेखा रवैया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा ड्राइवर की घोर लापरवाही के कारण हुआ। अगर रफ्तार थोड़ी और तेज होती तो कई परिवारों के चिराग बुझ सकते थे। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है कि परिवहन विभाग के ढुलमुल और अनदेखे रवैये के चलते ऐसे डग्गामार और अनफिट स्कूली वाहनों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है। अधिकारियों की इसी आंख मूंदने की आदत के कारण निजी स्कूल संचालक बिना डर के मानकों को ताक पर रखकर गाड़ियां दौड़ा रहे हैं।
जिम्मेदार कौन?
हादसे के बाद क्षेत्र में यह सवाल तेजी से गूंज रहा है कि आखिर बच्चों की जिंदगी के साथ इस खिलवाड़ का जिम्मेदार कौन है? क्या परिवहन विभाग और स्कूल प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default