ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने स्टेशन मास्टर मैंथा को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो कानपुर देहात राहुल मिश्रा
0

 

शिवली कानपुर देहात।


शुक्रवार को रेलवे स्टेशन मैंथा में मुरी एक्सप्रेस तथा गोविंदपुरी अलीगढ़ फास्ट मेमू के दोनों दिशाओं के ठहराव तथा दैनिक यात्रियों की सुविधाओं की मांग को लेकर समाजसेवियों,  क्षेत्रवासियों ने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड, उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तथा मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज के नाम संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक मैंथा को दिया और जल्द से जल्द समस्याओं के निस्तारण की मांग की।




             मैंथा क्षेत्र के समाजसेवी अमित कुमार कुशवाहा की अगुवाई में शुक्रवार को सैकड़ों क्षेत्रवासियों में मैथा स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि मैथा स्टेशन पर आरक्षित टिकट बुकिंग यानी पीआरएस काउंटर और लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण यात्रियों को अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए गाड़ी संख्या 18309 और 18310 संबलपुर जम्मू तवी एक्सप्रेस जिसे मुरी एक्सप्रेस कहा जाता है तथा गाड़ी संख्या 64703 और 64704 गोविन्दपुरी अलीगढ़ फास्ट मेमू के दोनों दिशाओं में दो मिनट का ठहराव मैथा स्टेशन पर करवाया जाय। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि इन ट्रेनों के ठहराव से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों तथा दैनिक यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके अलावा मैथा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त पीआरएस यूटीएस टिकट काउंटर और आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाये जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में दोनों प्लेटफार्मों की लंबाई 24 कोंच वाली ट्रेनों के अनुरूप बढ़ाने, फुट ओवर ब्रिज पर शेड और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, दक्षिणी मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क स्थापित करने और मानक वाहन पार्किंग व्यवस्था विकसित करने की मांग की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर एक तथा दो पर स्पष्ट दिशा सूचक बोर्ड, आटोमेटिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, आधुनिक प्रतीक्षालय और चौबीस घंटे सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।


प्रतिनिधि मंडल ने रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की भी मांग की गई है। इस मौके पर अमित कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र सिंह लकी, अजमेर सिंह, धनश्याम कुशवाहा, हर्षित कुशवाहा, पुल्लू सिंह, राजू कुशवाहा, नरेश के अलावा आरपीएफ चौकी प्रभारी राहुल यादव आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default