औरैया में अजीतमल पुलिस की अनूठी पहल: हुकमपुर डेरा में चलाया शिक्षा व जागरूकता अभियान, 30 बच्चों का कराया दाखिला

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। जनपद पुलिस कप्तान अभिषेक भारती के निर्देशन में गुरुवार को कोतवाली अजीतमल पुलिस ने ग्राम हुकमपुर डेरा में एक विशेष शिक्षा एवं जनजागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कोतवाली अजीतमल के निरीक्षक अपराध (क्राइम इंस्पेक्टर) रामचंद्र वर्मा ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के प्रति जागरूक करना था।

30 बच्चों का स्कूल में कराया नामांकन
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विशेष रूप से बंजारा समाज के 1 से 8 वर्ष के बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व से रूबरू कराया। पुलिस के प्रेरक प्रयासों के चलते स्कूल न जाने वाले और हिचकिचाने वाले बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया जिसके परिणामस्वरूप 30 बच्चों का प्राथमिक विद्यालय में दाखिला कराया गया।
शिक्षा से ही बदलेगा समाज: क्राइम इंस्पेक्टर रामचंद्र वर्मा
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए क्राइम इंस्पेक्टर रामचंद्र वर्मा ने कहा, "शिक्षा एक अनमोल रत्न है। इसे प्राप्त कर व्यक्ति न केवल अपना जीवन बेहतर बना सकता है, बल्कि समाज में सम्मान के साथ अपनी अलग पहचान भी बना सकता है। शिक्षित समाज ही देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।" उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की भावुक अपील की। कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए 'गुड टच और बैड टच' के बारे में बेहद सरल भाषा में समझाया। इसके साथ ही मौजूद महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बाल अपराधों और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
यह रहे उपस्थित
इस सराहनीय कदम के दौरान उप निरीक्षक संजीव कुमार, महिला आरक्षी प्रियंका, अंजलि, मधु कनौजिया, आरक्षी आशीष कुमार, रविकांत समेत कई पुलिसकर्मी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अजीतमल से संवाददाता योगेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट-

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top