निषाद समाज की मांगों को लेकर विधायक सरोज कुरील को सौंपा ज्ञापन, सदन में मुद्दा उठाने का मिला आश्वासन

सौरभ मिश्रा
0


रिपोर्टर शुभम साहू घाटमपुर


घाटमपुर, कानपुर नगर। निषाद समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर समाज के लोगों ने घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मझवार, तुरैहा सहित निषाद समाज से जुड़ी जातियों के लोगों को उनके अधिकारों और शासन की ओर से निर्धारित सुविधाओं का लाभ दिलाए जाने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में कहा गया कि मझवार और तुरैहा सहित संबंधित जातियों को अनुसूचित जाति से जुड़े प्रमाण-पत्र और आरक्षण का लाभ दिए जाने को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। समाज के लोगों का कहना है कि शासनादेशों में स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रमाण-पत्र बनवाने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके चलते पात्र लोगों को शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं में मिलने वाले लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।


समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक सरोज कुरील को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि इस मामले को प्रदेश सरकार और विधानसभा के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि निषाद समाज के लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग भी रखी गई।

विधायक ने सदन में मुद्दा उठाने का दिया भरोसा

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने निषाद समाज के लोगों की बात सुनी और उनकी मांगों को गंभीरता से लेने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि निषाद समाज के लोगों की समस्याओं और मांगों को विधानसभा सदन में उठाकर उनका पक्ष मजबूती से रखने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांग विधानसभा के माध्यम से प्रदेश सरकार तक पहुंचेगी और शासन स्तर से इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान

ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने कहा कि समाज के पात्र लोगों को संवैधानिक एवं सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मझवार, तुरैहा समेत संबंधित जातियों के प्रमाण-पत्र और आरक्षण से जुड़े विषय को लेकर शासन स्तर पर स्पष्ट व्यवस्था होना आवश्यक है, जिससे पात्र लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान समाज के लोगों ने विधायक से मांग की कि वह विधानसभा में इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करें। विधायक द्वारा सदन में मुद्दा उठाने के आश्वासन के बाद समाज के लोगों ने उनका आभार जताया।

ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान निषाद समाज के जिलाध्यक्ष राज निषाद, राजा भइया, दिनेश ,रवि शंकर , रामकिशुन, बीरसिंह, सुशीला, पारुल, रामकांती , रामकरण, आदि लोग मौजूद रहे।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top