रिपोर्टर राज प्रताप सिंह गौर
रसूलाबाद कानपुर देहात।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026के अन्तर्गत रसूलाबाद ब्लॉक के निवासियों को बृहस्पतिवार को सुगम यातायात की बड़ी सौगात मिली। रसूलाबाद विधानसभा की विधायिका पूनम संखवार ने उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार, तहसीलदार संतोष कुमार सिंह एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम माती डिपो मुहम्मद अशफाक की उपस्थिति में अजनपुर से माती मुख्यालय मार्ग हेतु बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह बस सेवा सुबोध कुमार अवस्थी द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के दिशा निर्देशों के अनुरूप संचालित की जायेगी।यह परिवहन निगम की बस अजनपुर, ढकपुरवा, ब्राम्हणपुरवा, रजपुरवा, उसरी होते हुए रसूलाबाद से मिण्डाकुआ, जिनई, महेरा, बिलहा, गाऊपुर, जगनपुर, डगराहा, बनीपारा, रूरा तिगाई, मुक्तापुर, नरिहा, अकबरपुर होते हुए माती तक जाएगी। अजनपुर से माती सुबह सात बजे और माती से अजनपुर दोपहर ढाई बजे चलेगी। परिवहन विभाग ने बताया कि इस योजना के तहत सभी यात्रियों को सुलभ यात्रा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनहित में उक्त बस सेवा का किराया परिवहन निगम की बसों से कम रखा गया है। विधायक पूनम संखवार ने कहा कि मुख्यमंत्री की इस योजना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। कम किराये में मरीजों छात्रों और व्यापारियों को सीधी बस सेवा मिलने से क्षेत्र का विकास होगा। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अटल बाजपेई, सर्वेश सिंह राजपूत, पूर्व जिलामंत्री अमित सिंह, सौरभ सिंह, भाजपा मंडल महामंत्री मनोज सिंह सेंगर, भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी जितेंद्र दुबे, अनिल चौरसिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे ।


