औरैया : ससुराल वालों को बुलाने की जिद पर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक , साढ़े 5 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा , देर रात युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका

औरैया । अजीतमल क्षेत्र के ग्राम नवले का पुरवा में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक 27 वर्षीय विवाहित युवक अपनी पत्नी से विवाद के बाद हाईटेंशन विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक करीब साढ़े पांच घंटे तक टावर पर ही डटा रहा और ससुराल पक्ष के लोगों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। पुलिस, दमकल विभाग और परिजनों के कड़े प्रयासों के बाद देर रात उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवले का पुरवा निवासी योगेंद्र सिंह (27) पुत्र बृजेंद्र राव का अपनी पत्नी हेमलता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी नाराजगी के चलते शनिवार रात करीब 8 बजे योगेंद्र अपने खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। ग्रामीणों ने जब उसे टावर पर देखा तो शोर मचाया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही योगेंद्र के भाई विवेक और अन्य परिजन भी बदहवास हालत में वहां पहुंच गए।

'ससुराल वाले आएंगे, तभी नीचे उतरूंगा'
परिजनों और ग्रामीणों ने योगेंद्र से लगातार नीचे उतरने की मिन्नतें कीं लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। उसने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके पर नहीं आएंगे वह नीचे नहीं उतरेगा। स्थिति की गंभीरता और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर बुलाई गई फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस
सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर तुरंत फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया गया। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए योगेंद्र की पत्नी के मायके पक्ष (ससुराल) वालों को तुरंत घटना की जानकारी दी और उन्हें मौके पर पहुंचने को कहा।
ससुराल वालों के समझाने पर शांत हुआ गुस्सा
देर रात योगेंद्र के ससुराल पक्ष से आलोक कुमार (निवासी लुधियानी, बकेवर) मौके पर पहुंचे। उन्होंने टावर पर चढ़े योगेंद्र से काफी देर तक बातचीत की और उसे हर संभव मदद का भरोसा देकर समझाया। ससुराल वालों के समझाने के बाद योगेंद्र का गुस्सा शांत हुआ और वह रात करीब डेढ़ बजे सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। योगेंद्र विवाहित है और उसका एक पुत्र 'गुल्लन' है। इस अनोखे हाईवोल्टेज ड्रामे की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया
कोतवाल प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया था। पुलिस और परिजनों की सूझबूझ से उसे समझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद वह अपने परिजनों के साथ सकुशल घर लौट गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने