रिपोर्टर शुभम साहू घाटमपुर कानपुर
घाटमपुर कस्बे में नव नियुक्त खाद्य निरीक्षक राजेश यादव के पदभार ग्रहण करने पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट कर पुष्पगुच्छ एवं मां कुष्मांडा देवी का पावन प्रतीक चिन्ह भेंट करते हुए सफल, पारदर्शी और जनकल्याणकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला मंत्री ललित सोनी ने कहा कि खाद्य विभाग और व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय मजबूत होने से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ-साथ व्यापारिक व्यवस्था भी अधिक सुचारु होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवागत खाद्य निरीक्षक निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे ।
बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन, उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने, व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सहयोगात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आशीष पाण्डेय, महामंत्री विपिन ओमर, सुरेश ओमर, ज्ञानेंद्र पाल, सुभाष शर्मा, महेश गुप्ता, सुरेश गुप्ता, विनय यादव, ओसामा मिर्जा, आदर्श द्विवेदी सहित उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नवागत खाद्य निरीक्षक का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

