औरैया : दिबियापुर में कांग्रेस महासचिव अंशु तिवारी के नेतृत्व में कैंडल मार्च, दिवंगत बच्चों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

  औरैया (ब्यूरो)। अपने हक की लड़ाई लड़ने वाले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर जान गंवाने वाले दिवंगत बच्चों की स्मृति में उत्तर प्रदेश कांग्रेस महासचिव अंशु तिवारी के नेतृत्व में शनिवार शाम दिबियापुर नगर में एक भावपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और एकजुटता का संदेश दिया।

कैंडल मार्च शनिवार शाम ठीक सात बजे होटल सिटी सेंटर से प्रारंभ हुआ। मार्च में शामिल कांग्रेसी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मुख्य मार्गों से होते हुए थाने के निकट स्थित अवंती बाई पार्क पहुंचे। पार्क में सभी एकत्रित लोगों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर अस्पताल में भर्ती घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की ।
कांग्रेस महासचिव अंशु तिवारी का बयान:
"अपने उज्ज्वल भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हमारे होनहार बच्चों का इस तरह असमय चले जाना बेहद हृदयविदारक है। छात्रों के इस शांतिपूर्ण आंदोलन और अनशन को दबाने के लिए सरकार ने हर हथकंडा अपनाया, यहां तक कि युवाओं को रोकने के लिए दमनकारी नीतियों का सहारा लिया गया। जनता के भारी दबाव और युवाओं के इस ऐतिहासिक संघर्ष के आगे झुकते हुए आखिरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना ही पड़ा है, जो देश के युवाओं और लोकतंत्र की बड़ी जीत है। इस दुख की घड़ी में पूरी कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। हमारी मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय व उचित मुआवजा मिले।"
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उमाकांत, राघवेंद्र शुक्ला, गिरीश तिवारी सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top