औरैया । दिबियापुर क्षेत्र के सुप्रसिद्ध और प्राचीन धार्मिक स्थल बाबा परमहंस देव धाम में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम का समापन एक विशाल भंडारे के साथ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी आस्था उमड़ती रही। भंडारे में दिबियापुर सहित आस-पास से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और बाबा परमहंस देव का आशीर्वाद लिया।
इस विशेष अवसर पर दिबियापुर के विधायक प्रदीप यादव भी बाबा परमहंस धाम पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद विधायक प्रदीप यादव ने आम श्रद्धालुओं के साथ पंगत में बैठकर सादगी से प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन समिति द्वारा की गई बेहतरीन व्यवस्थाओं की खुले दिल से सराहना की।
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पूरा धाम परिसर दिनभर से लेकर देर रात तक भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। इस मौके पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल, सुखलाल गुप्ता, पुनीत तिवारी, ऋषि पोरवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बाबा परमहंस देव धाम को इस पूरे क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहाँ श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं। ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना यहाँ अवश्य पूरी होती है यही वजह है कि सावन के पवित्र महीने और अन्य धार्मिक अवसरों पर यहाँ भक्तों का तांता लगा रहता है। इस विशाल भंडारे की संपूर्ण व्यवस्था श्रद्धालुओं के आपसी सहयोग, अन्नदान और आर्थिक सहयोग से संपन्न हुई। देर रात तक स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से प्रसाद वितरित करते रहे जो इस पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।




