औरैया में अजीतमल पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ढाबे पर ट्रक ड्राइवरों को नशीला पानी पिलाकर लूटने वाला शातिर गिरफ्तार , स्विफ्ट डिजायर कार, नगदी और नशीली गोलियां बरामद , होटल पर खाना खाते समय ड्राइवरों को बनाया था शिकार

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

 औरैया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अजीतमल थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों को खाने के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने और उनसे नगदी लूटने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की नगदी, एक कार, मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की जाने वाली नशीली दवाइयां बरामद की हैं।

ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 28 जुलाई को मैनपुरी के थाना कुर्रा क्षेत्र के रहने वाले दो ट्रक चालक (आदेश कुमार और सर्वेश कुमार) नेशनल हाईवे पर स्थित सुन्दरम होटल, बाबरपुर-अजीतमल पर खाना खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की चार पहिया गाड़ी से आया। उसने खुद को होटल का कर्मचारी जताते हुए ड्राइवरों के पास पानी का जग रख दिया।
खाना खाने और पानी पीने के कुछ ही देर बाद दोनों ड्राइवरों को चक्कर आने लगे और वे बेहोश होकर अपने-अपने ट्रकों में सो गए। जब उन्हें होश आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अज्ञात ठग ने उनकी जेबों में रखी ट्रकों की करीब ₹62,000 की नगदी पार कर दी थी। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सर्विस रोड से दबोचा गया आरोपी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निकट पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। बुधवार को पुलिस ने इटावा से औरैया की तरफ सर्विस रोड पर मधुवन ढाबा के सामने से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सुनील कुमार शर्मा (उम्र 33 वर्ष) पुत्र राममनोहर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम सिकौला, थाना जसपुरा, जिला बांदा का निवासी है और हाल ही में गुजैनी बर्रा, कानपुर नगर में रह रहा था।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
  • नगदी: ₹20,170 नगद
  • वाहन: 01 अदद स्विफ्ट डिजायर कार (घटना में प्रयुक्त)
  • दवा: 01 पत्ता नशीली टैबलेट (Alprazolam Tablet IP 0.50 mg)
  • दस्तावेज: 02 एटीएम कार्ड, 01 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड
  • अन्य: 02 मोबाइल फोन
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अजीतमल थाने में मु0अ0सं0 309/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 123 और 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज था। पूछताछ और नशीली दवाइयों की बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी को जेल भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default