औरैया: याकूबपुर के पास दो लोडरों में आमने-सामने भिड़ंत, अन्नपूर्णा दर्शन को जा रहीं चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल , कानपुर देहात की हैं घायल महिलाएं

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। जनपद के याकूबपुर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है जहाँ अन्नपूर्णा दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक लोडर की सामने से आ रहे तेज रफ्तार दूसरे लोडर से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण भिड़ंत में लोडर सवार चार महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस और पीआरवी-112 की टीम ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला पहुँचाया।

कानपुर देहात की रहने वाली हैं सभी घायल महिलाएं
हादसे में घायल हुईं सभी महिलाएं कानपुर देहात जिले की निवासी हैं। घायलों की पहचान प्रिया (32) पत्नी मनीष (निवासी इद्रुक, थाना रूरा) तथा शशि (50) पत्नी मनोज कुमार, गुड्डी (45) पत्नी विकास और सुमन (42) पत्नी विमल कुमार (तीनों निवासी चिलोली, थाना रूरा, कानपुर देहात) के रूप में हुई है। सभी श्रद्धालु अन्नपूर्णा देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे।
एक महिला की हालत नाजुक, कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर
सीएचसी बेला में अधीक्षक डॉ. चंद्रशेखर, स्टाफ नर्स हेमबत्ती, स्टाफ नर्स आराधना शुक्ला और वार्ड बॉय संजय यादव की मेडिकल टीम ने घायलों का तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल प्रिया (32) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज कन्नौज रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस और पीआरवी ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक अनिलेश कुमार, आरक्षी विशाल तंवर और हेड कांस्टेबल वेदपाल ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला। वहीं पीआरवी-112 (यूपी-32 डीजी 5369) के हेड कांस्टेबल विजय कुमार, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल संदीप राजभर ने मुस्तैदी दिखाते हुए बिना वक्त गंवाए सभी घायल महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सका। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default