कानपुर देहात में पुलिस अधीक्षक का औचक निरीक्षण, चौकियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सचिन अग्निहोत्री
0
"कहिंजरी में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।"
पुलिस अधीक्षक श्रध्दा नरेंद्र पांडेय
कानपुर देहात। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने रविवार को थाना शिवली क्षेत्र की ओनहां चौकी तथा थाना रसूलाबाद क्षेत्र की कहिंजरी और असालतगंज चौकियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौकियों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रों की स्थिति, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जायजा लेती पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय
पुलिस अधीक्षक ने चौकियों में उपलब्ध रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच करते हुए उनके नियमित एवं व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला, बच्चों एवं कमजोर वर्ग से संबंधित मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा अपराधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कहिंजरी कस्बे में पैदल गश्त कर बाजार एवं आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस बल को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

कस्बे में भ्रमण कर जानकारी करती पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक ने आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण एवं पैदल गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर सहित संबंधित थानों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default