औरैया: अयाना के अकबरपुर गांव में बंद पड़े घर को चोरों ने बनाया निशाना , जेवर और नकदी समेत लाखों का माल पार , छानबीन में जुटी पुलिस

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। जिले के अयाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत अकबरपुर गांव में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी दिल्ली में थे। सूचना मिलने पर जब वे गांव पहुंचे तब उन्हें चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित ने मामले की लिखित तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। 

मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस 

पड़ोसियों की सूचना पर दिल्ली से भागा आया पीड़ित
पीड़ित नन्हे खां ने अयाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह दिल्ली में रहकर खिड़की-दरवाजे बनाने का कार्य करते हैं। इस वजह से गांव स्थित उनका मकान बंद रहता था। बीती 28 जुलाई को पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर का ताला टूटने और चोरी होने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही वे दिल्ली से गांव पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और कमरों के अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर अलमारी और बक्सों में रखे सोने चांदी के जेवरात सहित नकदी तथा अन्य कीमती सामान बटोर ले गए हैं । चोरी गए कुल सामान की कीमत लाखों रुपए की आंकी जा रही है । घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
 
जल्द होगा घटना का खुलासा: थाना प्रभारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस की कई टीमें मामले की गहन छानबीन में जुटी हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि पुलिस जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर घटना का सफल खुलासा करेगी। 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default