औरैया । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने अपने गुरुजनों के आवास पहुंचकर उनका सम्मान किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देकर उसे सफलता के मार्ग पर अग्रसर करते हैं।
बुधवार प्रातः सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम सबसे पहले जनता इंटर कॉलेज, अजीतमल के सेवानिवृत्त शिक्षाविद् सुरेश नारायण चौधरी के आवास पहुंचे। उन्होंने गुरुदेव को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सर्वेश बाबू ने कहा कि जीवन में मिलने वाली हर उपलब्धि के पीछे गुरुजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद ही सबसे महत्वपूर्ण होता है।
इसके पश्चात जिलाध्यक्ष ने जनता महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. उमेश चंद्र दीक्षित से भेंट कर उनका सम्मान किया और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की। गुरुजनों ने भी सर्वेश बाबू गौतम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर जनहित के कार्यों में सक्रिय रहने का आशीर्वाद दिया।
सपा जिलाध्यक्ष ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करें और उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं बल्कि गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महान अवसर है। गुरुजनों ने भी जिलाध्यक्ष की इस आत्मीयता की सराहना की।



