औरैया में गढ़िया पुल के पास नहर में मिला बकेवर से लापता किसान का शव , अजीतमल पुलिस ने शव को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेजा , बकेवर पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया । अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गढ़िया पुल के पास बुधवार देर शाम नहर में एक किसान का शव बहता हुआ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची अजीतमल कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। इसी दौरान लापता किसान की तलाश में जुटे परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मृतक की शिनाख्त कर ली।

शव की पहचान महावीर सिंह यादव (45) पुत्र स्वर्गीय होतीलाल सिंह यादव निवासी ग्राम रमाउपुरा (परसौली), थाना बकेवर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महावीर सिंह पेशे से किसान थे और खेती-किसानी कर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
नहर की पुलिया पर आखिरी बार देखा गया था
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब चार बजे महावीर सिंह अपने घर से लखना स्थित दूसरे मकान पर जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। स्थानीय लोगों ने उन्हें आखिरी बार नहर की पुलिया पर बैठे हुए देखा था, जिसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि वह अचानक पैर फिसलने या किसी अन्य कारण से नहर में गिर गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही परिजन, बकेवर थाना पुलिस और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम लगातार नहर में उनकी तलाश कर रही थी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
बुधवार देर शाम औरैया जनपद के अजीतमल क्षेत्र में गढ़िया पुल के पास नहर में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। अजीतमल कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि नहर से शव को सुरक्षित बाहर निकालकर पंचनामा भर दिया गया है। परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चूंकि मामला बकेवर थाना क्षेत्र (इटावा) से जुड़ा है इसलिए मामले की आगे की सभी विधिक व कानूनी कार्रवाई बकेवर पुलिस द्वारा अमल में लाई जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default