औरैया । अछल्दा में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर बुधवार रात करीब पौने 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV-9470) की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक पर सवार कमांडर हेड कांस्टेबल, होमगार्ड चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
| छतिग्रस्त पुलिस बाइक |
मिली जानकारी के अनुसार, पीआरवी-9470 पर तैनात कमांडर हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और चालक होमगार्ड शीलू कुमार अछल्दा थाना क्षेत्र के छछुंद गांव में मजदूरी के पैसों के लेनदेन से जुड़े एक विवाद की जांच के सिलसिले में गए थे। लौटते समय उनके साथ प्रतिवादी रामकिशोर पुत्र शिवनारायण सिंह (निवासी गौतला) भी पीआरवी बाइक पर मौजूद थे।
तीनों जब बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिस की मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में होमगार्ड शीलू कुमार और रामकिशोर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कमांडर सुनील कुमार को हल्की चोटें लगी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अरविंद गुप्ता तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। उन्होंने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अछल्दा में भर्ती कराया। हादसे की खबर मिलते ही थानाप्रभारी सुरेशचंद्र सिंह और 112 थाना प्रभारी महेश पाठक ने भी सीएचसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। थानाप्रभारी सुरेशचंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पुलिसकर्मियों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फरार ट्रैक्टर व उसके चालक की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

