औरैया (ब्यूरो)। अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत भरतौल के मजरा करके का पूर्वा के सैकड़ों ग्रामीणों ने गुरुवार को प्रस्तावित चकबंदी प्रक्रिया के विरोध में कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के काफिले के साथ पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर गांव में चकबंदी की कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने पूर्व में किसी अन्य कार्य का हवाला देकर उनके हस्ताक्षर कराए थे। बाद में उन्हीं हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर गांव में चकबंदी प्रक्रिया शुरू करा दी गई। इसकी भनक लगते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि करके का पूर्वा बीहड़ क्षेत्र में स्थित है। यहां की भौगोलिक परिस्थितियां और खेती का स्वरूप मैदानी इलाकों से बिल्कुल अलग है। ऐसी स्थिति में चकबंदी होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों का कहना है कि गांव के अधिकांश लोग इस प्रक्रिया के खिलाफ हैं, इसलिए गांव को चकबंदी से बाहर रखा जाए।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों के कलेक्ट्रेट पहुंचने से परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे। वहीं ज्ञापन लेने के बाद एडीएम ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


