औरैया : गोरखपुर की बच्ची को न्याय के लिए बिधूना में फूटा सविता समाज का गुस्सा , कैंडल मार्च निकाल मांगी फांसी , फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने और दोषी सिपाही के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की उठी मांग

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

 बिधूना (औरैया)। गोरखपुर में 10 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के मामले को लेकर देश भर में आक्रोश है। इसी क्रम में औरैया के बिधूना कस्बे में सविता समाज समिति के बैनर तले समाज के लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर के प्रमुख भगत सिंह चौराहे पर एकत्रित होकर समाज के पदाधिकारियों और युवाओं ने हाथों में कैंडल लेकर मार्च निकाला और मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा देने की हुंकार भरी।

दोषी सिपाही को मिले फांसी की सजा
कैंडल मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपी पुलिस सिपाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सविता समाज समिति के अध्यक्ष विजय कुमार एडवोकेट ने कहा कि रक्षक ही जब भक्षक बन जाए तो समाज कहाँ सुरक्षित रहेगा? उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड के मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी सिपाही को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए।
बुलडोजर कार्रवाई की उठी मांग
प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का हवाला देते हुए मांग की कि जिस तरह अन्य अपराधियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाता है ठीक उसी तरह इस संवेदनहीन और क्रूर आरोपी सिपाही के घर पर भी तत्काल बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और सुरक्षा देने की भी वकालत की।
संघर्ष रहेगा जारी: विजय कुमार एडवोकेट
समिति के अध्यक्ष विजय कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह लड़ाई किसी एक परिवार की नहीं बल्कि पूरी मानवता और बेटियों की सुरक्षा की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता और दोषी को फांसी के फंदे तक नहीं पहुँचाया जाता तब तक सविता समाज का यह संघर्ष और आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
कैंडल मार्च में मुख्य रूप से सविता समाज के गणमान्य नागरिक, अधिवक्ता, स्थानीय युवा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे जिन्होंने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top