मुरादगंज चौकी क्षेत्र के दलेल नगर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीआईजी यमुना प्रसाद ने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे के प्रतीक हैं। सभी वर्गों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर पर्व मनाना चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या अपुष्ट खबरों पर कतई विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी ने जनता से अपील की कि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या शांति भंग होने की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही किसी भी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने नागरिकों से हर परिस्थिति में पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी मनोज गंगवार, कोतवाली अजीतमल प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, निरीक्षक अपराध रामचंद्र सिंह, अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
अजीतमल से संवाददाता योगेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट -

