सहार (औरैया)। सहार विकासखंड के अंतर्गत सौंथरा गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और गोवंश की बेहतर देखरेख सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को उपजिलाधिकारी कमल कुमार सिंह ने राजस्व टीम के साथ आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश के रखरखाव, चारे-पानी की उपलब्धता और परिसर की स्वच्छता को बारीकी से परखा।
एसडीएम कमल कुमार सिंह ने गौशाला में गोवंश के लिए उपलब्ध हरे चारे, भूसे के स्टॉक और पीने के साफ पानी की व्यवस्थाओं की गहन जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद केयर टेकरों और संबंधित कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गोवंशों को निर्धारित समय पर पौष्टिक चारा और स्वच्छ पेयजल अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने गौशाला परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से गोवंश को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राजस्व टीम के विभिन्न कर्मचारी मौजूद रहे।



