शिवली कानपुर देहात।
जलनिकास की समुचित व्यवस्था ना होने से बागपुर चौकी तालाब में तब्दील हो गई। बीते तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश से नगर पंचायत शिवली, पुलिस चौकी बाघपुर समेत जगह जगह जलभराव हो गया है। शिवली में घरों तथा दुकानों तक पानी भर जाने से लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी के बनवाए गए नाले पूरी तरह से साफ न होने के कारण कस्बा वासियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के शिवाजी नगर, सुभाष नगर ,गांधीनगर एवं शंकर नगर के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझते हुये घरों से निकलना पड़ रहा है।
नगर पंचायत शिवली में जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाए जाने के उद्देश्य से नगर पंचायत प्रशासन द्वारा आठ पक्के नालों का निर्माण कराया गया था जिनके माध्यम से बरसात होने पर पानी पांडु नदी में चला जाता था लेकिन मौजूदा समय में जल निकासी के मुख्य नाले साफ न होने के कारण हो रही झमाझम बारिश से शिवली कस्बे के साकेत नगर, सुभाष नगर,गांधीनगर, शिवाजी नगर, जवाहर नगर तथा शंकर नगर आदि मोहल्लों की गलियां पूरी तरह से जलमग्न हो गई है वहीं शिवली कोतवाली तिराहे से कल्याण पुर मार्ग पर स्थित दुकानों के भीतर जल भराव हो जाने से दुकान दारों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।गलियों में जबरदस्त तरीके से जलभराव हो जाने के कारण लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। मजबूरन लोग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकल पा रहे हैं। बाजार चौराहे पर पानी भर जाने से सबसे अधिक समस्या का सामना लोगों को करना पड़ रहा है क्योंकि यह कस्बे का मुख्य मार्ग है। नगर की अन्य गलियों में भी कीचड़ युक्त जल भराव हो जाने से कस्बा वासियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिक बारिश होने से बाघपुर पुलिस चौकी के भीतर जल भराव हो जाने से पुलिस कर्मियों को भी भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस चौकी में पंपिंग सेट चला पानी निकाला जा रहा है।
नगर पंचायत शिवली के अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश होने से जल भराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। सफाई कर्मियों की टीम लगाकर जल निकासी का प्रबंध किया जा रहा है।


