*नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल*
रूरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर दर्ज मामले में दुष्कर्म की धारा की बढ़ोतरी की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बालिका की मां ने थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि बीते 16 सितंबर की रात को गांव का ही रहने वाला विनय, जो शराब पीने का आदी है, उसके घर में जबरन घुस आया। घर में दाखिल होते ही उसने सो रही 10 वर्षीय बालिका के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
मासूम के चिल्लाने पर जबउसकी मां मौके पर पहुंची और आरोपी की हरकत का विरोध किया, तो आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। मामले की जांच के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। पीड़िता के बयानों और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में पहले से दर्ज धाराओं में दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी।रविवार को रूरा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुंडेया मोड़ के पास से आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया।थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


