*रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत, छह माह में ही उजड़ गया पत्नी का सुहाग*
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर रूरा स्टेशन के समीप शनिवार देर रात एक दुखद हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आने से कस्बे के गांधीनगर निवासी 25 वर्षीय विक्की सविता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विक्की अपने पिता राजू सविता के साथ हेयर कटिंग की दुकान पर काम करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।शनिवार रात करीब 12 बजे दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी जैसे ही रूरा स्टेशन के पास से गुजरी, डाउन लाइन के खंभा नंबर 1062/6 और 8 के बीच विक्की उसकी चपेट में आ गया। हादसे की जानकारी मालगाड़ी के गार्ड ने तुरंत रूरा के स्टेशन मास्टर अखिलेश वर्मा को दी।
इसके बाद स्टेशन मास्टर ने मेमो भेजकर जीआरपी चौकी झींझक को घटना से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के दौरान मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क किया। मौके पर पहुंचे पिता राजू सविता ने शव की पहचान अपने बेटे विक्की के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरपीएफ चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।6 माह में ही उजड़ गया मोहिनी का सुहागविक्की की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां नीलम और पत्नी मोहिनी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने रुंधे गले से बताया कि अभी महज 6 महीने पहले ही विक्की की धूमधाम से शादी हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद पत्नी के सिर से सुहाग का साया उठ गया। 6 माह में ही सुहाग उजड़ने से पत्नी मोहिनी बदहवास स्थिति में है और पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।



