फफूंद (औरैया)। कस्बे के होमगंज स्थित गल्ला मंडी में रात्रि को शॉर्ट सर्किट से एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों की मुस्तैदी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा करीब आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लेखपाल ने नुकसान का जायजा लिया है।
मुहल्ला गोविंदगंज निवासी सुमित कोष्टा पुत्र महादेव कोष्टा की होमगंज गल्ला मंडी में 'महालक्ष्मी रेडीमेड गारमेंट्स' के नाम से दुकान है। रविवार रात वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे आसपास के लोगों ने दुकान के अंदर से तेज धुआं उठता देखा। अनहोनी की आशंका पर लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी दुकान स्वामी सुमित कोष्टा को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दुकान स्वामी और स्थानीय लोगों ने देखा कि दुकान के भीतर आग की लपटें उठ रही थीं। पड़ोसियों की मदद से तुरंत दुकान का शटर खोला गया और पानी व अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग गल्ला मंडी की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
दुकान स्वामी सुमित कोष्टा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुकान की विद्युत केबल में शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह आग लगी है। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखे रेडीमेड कपड़े और अन्य कीमती सामान जल गए हैं, जिससे करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लेखपाल विमलेश मोहन ने भी मौके का मुआयना किया और पीड़ित दुकानदार को हुए नुकसान की जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार की है।




