योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती ने रविवार को अजीतमल कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय, हवालात, बैरक, शस्त्रागार, मालखाना सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने तथा थाना परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिला संबंधी शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सर्किल अजीतमल के थाना अजीतमल, अयाना और फफूंद में लंबित अभियोगों एवं विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विवेचनाधिकारियों को गंभीर एवं महिला अपराधों में साक्ष्य संकलन करते हुए निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह के साथ बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कराई। पुलिसकर्मियों को प्रभावी गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक अजीतमल विनोद राजपूत, निरीक्षक अपराध रामचंद्र वर्मा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।






