लूट की घटना करने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर भेज चुकी है जेल, फरार तीसरे शातिर की तलाश तेज
शिवली कानपुर देहात।
शिवली क्षेत्र में सोमवार को हुई बकरी व्यापारी से चौबीस हजार की लूट की घटना को अंजाम देने वाले फरार तीसरे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हेतु शिवली पुलिस ने दबिश तेज कर दी है। लूट की घटना करने वाले दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए घटना का सफल अनावरण किया था जबकि तीसरा साथी भनक लगते ही फरार हो गया था।
बताते चलें कि बैरी सवाई गांव निवासी शमशाद बकरियों की खरीद फरोख्त करने का व्यापार करता है। सोमवार को वह बाइक से हृदयपुर गांव बकरी खरीदने जा रहा था। गांव से निकलकर शोभन आश्रम के पास पहुंचा ही था कि अपाचे सवार तीन नकाबपोश लुटेरे उसकी बाइक के पीछे लग गए थे और मारपीट करते हुए चौबीस हजार रुपए लूट लिए थे। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह के मार्गदर्शन में शिवली पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर चौबीस घंटे में ही सरैया लालपुर गांव निवासी वैभव सिंह भदौरिया पुत्र राम भान सिंह व इसका साथी मोहल्ला खमार लालपुर निवासी संगम उर्फ छोटू कुशवाहा को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार कर लूट की घटना का सफल अनावरण किया था, आरोपितों ने बकरी व्यापारी शमशाद के साथ घटना कारित करने की बात स्वीकार की थी और घटना में शामिल अपने तीसरे साथी के बारे में बताया था। घटना में शामिल मुख्य आरोपी शातिर लुटेरा जो सफेद अपाचे बाइक से घटना को अंजाम देता है पुलिस टीम की भनक लगते ही फरार हो गया था।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की टीमें दबिश दे रहीं हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।


