शिवली कानपुर देहात।
बुढ़वा मंगल महामहोत्सव के अवसर पर शिवली क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शोभन आश्रम, हनुमान गढ़ी कडरी आश्रम,पवन तनय आश्रम रंजीतपुर तथा हनुमान गढ़ी नहरीबरी आश्रम में सोमवार को तैयारियां अंतिम चरण पर हैं। भक्तों के द्वारा आश्रम को भव्यता प्रदान की जा रही है। बुढ़वा मंगल के पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति, सेवादारों और स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
बुढ़वा मंगल जिसे बड़ा मंगल भी कहा जाता है, के दिन हनुमान जी के वृद्ध स्वरूप की पूजा का विशेष महत्व है। माना जाता है कि हनुमान जी ने भाद्रपद शुक्ल पक्ष एकादशी को महाबली भीम का घमंड तोड़ा था। शोभन आश्रम में स्थित हनुमान धाम में स्थापित महाबली के दर्शन करने से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। प्रत्येक वर्ष की भांति बुढ़वा मंगल के शुभ अवसर पर सोमवार को पूरे शोभन धाम परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, विद्युत झालरों और सुगंधित फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। शोभन धाम के महंत हरिशरणम पाण्डेय ने बताया कि मंगलवार की भोर भगवान बजरंगबली का विशेष पंचामृत स्नान कराया जाएगा। इसके बाद हनुमान जी महाराज का अलौकिक श्रृंगार कर भोर पहर महाआरती का आयोजन होगा। शिवली क्षेत्र में स्थित शोभन धाम प्रमुख धार्मिक स्थल है और इसके प्रति कई जनपदों के श्रद्धालुओं में अटूट आस्था है। शोभन आश्रम में भक्तों की अपार भीड़ जुटती है। भक्तों को सुगमता से दर्शन हो सकें और भीड़ नियंत्रित रहे, इसके लिए पूरे मंदिर मार्ग और परिसर में बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और आश्रम के सेवादार तैनात रहेंगे। आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
हनुमानगढ़ी कड़री आश्रम के सर्वराकार अखिलेश बाजपेई अन्नू ने बताया कि बुढ़वा मंगल पर्व पर भिड़ंत वर्षों की भांति आश्रम में हवन पूजन के पश्चात प्रदेश के ख्याति प्राप्त कलाकारों व्दारा धनुष भंग लीला का मंचन किया जाएगा तथा विशाल भंडारे में प्रसादी वितरण किया जाएगा। इसी तरह नहरी बरी हनुमान आश्रम के महंत विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हवन पूजन के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पवन तनय आश्रम रंजीतपुर के महंत बाबा गोपालानंद महाराज ने बताया कि हवन पूजन के साथ ही प्रसाद वितरण किया जाएगा।


