फफूंद (औरैया)। कस्बा के मोहल्ला मोतीपुर में श्री कन्हैया जी की छठी के पावन उपलक्ष्य में एक भव्य जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'शिवम झांकी ग्रुप कानपुर' के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में देर रात तक श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पम्मी गुप्ता ने फीता काटकर और भगवान गणेश की आरती उतारकर किया। इसके बाद गणेश सेवा समिति के सदस्यों ने मां भगवती की विधि-विधान से आरती की। जगराते की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद कलाकारों ने "चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है" जैसे सुप्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।
रातभर चले इस कार्यक्रम में माता रानी के भजनों के साथ-साथ एक से बढ़कर एक मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें शिव-पार्वती विवाह, भगवान राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी, खाटू श्याम भजन झांकी, मां काली का विकराल रूप और कृष्ण-सुदामा की अटूट मित्रता पर आधारित भावुक भजनों ने उपस्थित जनसैलाब को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर गणेश सेवा समिति के सदस्यों ने सभी क्षेत्रीय श्रद्धालुओं को आगामी 14 सितंबर से फफूंद की गल्ला मंडी में आयोजित होने वाले साप्ताहिक गणेश पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी गणेश उत्सव बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा।
जगराता कार्यक्रम को सफल बनाने में विशाल कुशवाहा, विशाल (फल वाले), पत्रकार रेनू गुप्ता और उनके सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर बड़ी संख्या में उपस्थित माताओं, बहनों, बच्चों और बुजुर्गों ने मां का भोग प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ कमाया।





