शिवली कानपुर देहात।
तहसील मैंथा के मवैया जिला पंचायत क्षेत्र में गुरुवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। इसमें 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पीडीए समाज को एकजुट करने व संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सपा सरकार के कार्यकाल की नीतियों और योजनाओं का जिक्र किया। पंचायत के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव कुमार बेरिया रहे और अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य पी एस वर्मा ने की।
गुरुवार को जिला पंचायत क्षेत्र मवैया के विभिन्न गांवों नयापुरवा, पंचमपुरवा, दाईताला, बकसपुरवा, कैलेई, मवैया, कुर्मीनिवादा, भऊवापुरवा आदि में पीडीए जन पंचायत के माध्यम से पीडीए समाज के लोगों से आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने हेतु हर गांव और बूथ पर जाकर लोगों से जुड़ने का आह्वान किया गया।मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव कुमार बेरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के हक व अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। और युवाओं को नौकरियों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर 2027 के चुनाव में सपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व जिला पंचायत सदस्य पी एस वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान व आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर बंद पड़ी योजनाओं को फिर से शुरू कराया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों को बंद कर वहां शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। उनका कहना था कि भाजपा नहीं चाहती कि पिछड़ों, दलितों और गरीबों के बच्चे पढ़ें, क्योंकि यदि वे पढ़ लिख लेंगे तो अपने हक अधिकार की बात करने लगेंगे और सरकार से सवाल करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बालेंद्र पाल, नरेश गौतम, चंद्र पाल, रामू राजपूत, राम सनेही, गौरी शंकर, अशोक वर्मा, प्रधान मनमोहन, विनय वर्मा, हिम्मत सिंह, मनीराम, संजय यादव प्रधान, रोहित कुशवाहा प्रधान, दयाशंकर आदि भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


